रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाईचारा एकता मंच द्वारा आयोजित 6वां नारी सम्मान समारोह आशुतोष विद्या मंदिर, खेड़ा में धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खटीमा से पहुंचे पूर्व राज्य मंत्री संतोष गौरव तथा समाजसेवी आरिफ अंसारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही सैकड़ों महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर भाईचारा एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष केपी गंगवार ने कहा कि मंच हमेशा से गरीब बस्तियों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि अब भाईचारा एकता मंच बस्तियों में रहने वाले लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें उनका हक दिलाने के लिए संघर्ष करेगा। उन्होंने बताया कि मंच समाज में महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसी उद्देश्य से महिला दिवस के अवसर पर यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता राम प्रकाश गुप्ता, अवतार सिंह बिष्ट, गुरविंदर सिंह, रामपाल सिंह, उमेश भारती, काजल गंगवार, सुमन पंत, शीला चौधरी, रश्मि रघुवंशी, आसमा बी, बलजीत कौर, विमला बावरा, नन्ही देवी, अनीता, रिंकू यादव, मीनू राय, सीमा शर्मा, मीना गंगवार, सुनीता, मीना देवी, सीमा और साक्षी गुप्ता सहित भाईचारा एकता मंच के सैकड़ों सदस्य, पदाधिकारी और बस्ती क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

