पंतनगर। (राजतंत्र टाइम्स)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के इतिहास में आज का दिन एक बड़ी उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ। वर्षों से जर्जर एवं अत्यंत दयनीय स्थिति में पड़ी विश्वविद्यालय की सड़कों की मरम्मत का कार्य आज से विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. के. कश्यप ने स्वयं कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर सड़क मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ निर्माण एवं संयंत्र निदेशालय के निदेशक (DWP) डॉ. अभिषेक तोमर, अधिष्ठाता पशु चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. डी. कुमार, अधिष्ठाता विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय (CBSH) डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव, मंडी परिषद के अभियंता, DWP अनुभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि पंतनगर की सड़कें पिछले कई दशकों से विश्वविद्यालय के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई थीं। इस गंभीर समस्या को देखते हुए कुलपति डॉ. कश्यप ने व्यक्तिगत पहल करते हुए राज्य सरकार से सड़क सुधार हेतु विशेष धनराशि की मांग की।
विश्वविद्यालय के प्रति सकारात्मक रुख दिखाते हुए राज्य सरकार ने उदारतापूर्वक सड़कों की मरम्मत हेतु चरणबद्ध (Phased Manner) बजट स्वीकृत किया है, जिसके प्रथम चरण का कार्य आज से प्रारंभ हो गया है।
यह बताना आवश्यक है कि राज्य सरकार वर्तमान में विश्वविद्यालय को बहुआयामी सहयोग प्रदान कर रही है। सड़क मरम्मत के अतिरिक्त छात्रावासों की मरम्मत, सड़कों का चौड़ीकरण, स्विमिंग पूल निर्माण, बाउंड्री वॉल निर्माण, नए छात्रावासों का निर्माण जैसे अनेक बुनियादी ढांचे के कार्य सरकार के सहयोग से गतिमान हैं, जिसके लिए कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप एवं उनकी पूरी टीम द्वारा निरंतर एवं अथक प्रयास किये गए हैं।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. कश्यप ने निर्माण निदेशालय के प्रयासों की सराहना की, विशेष रूप से अपर निदेशक (ADWP) श्री हरीश जुकरिया की लगन एवं कठोर परिश्रम की प्रशंसा की। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय बुनियादी ढांचे के उन्नयन के इस विशाल अभियान को इसी गति से निरंतर जारी रखेगा।
इस खबर से समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में हर्ष की लहर है।
