पंतनगर। (राजतंत्र टाइम्स)। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ (ई-सेल) द्वारा सेवायोजन एवं परामर्श निदेशालय के मार्गदर्शन में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच)-2026 के आंतरिक चरण का आयोजन 26 एवं 27 सितंबर 2026 को किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एस.के. कश्यप के मार्गदर्शन तथा निदेशक, सेवायोजना एवं परामर्श निदेशालय डा. एम.एस. नेगी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समन्वय में सह निदेशक, सेवायोजना एवं परामर्श निदेशालय डा. गीता पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।दो-दिवसीय हैकाथॉन में विश्वविद्यालय के 62 टीमों के कुल 372 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रत्येक टीम में छह विद्यार्थी शामिल रहे। प्रतिभागी टीमों ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न समस्या विवरणों पर कार्य करते हुए वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान के लिए तकनीक आधारित अभिनव समाधान विकसित किए।आंतरिक चरण में विद्यार्थियों को अपने नवाचार, तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता, समस्या-समाधान क्षमता एवं टीमवर्क का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। टीमों ने निर्धारित समय में अपने समाधान विकसित किए तथा उन्हें मूल्यांकन पैनल के समक्ष प्रस्तुत किया।ई-सेल, पंतनगर द्वारा कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन किया गया। हैकाथॉन ने विद्यार्थियों को विचारों को व्यवहारिक तकनीकी समाधानों में परिवर्तित करने, टीम के रूप में कार्य करने तथा अपने नवाचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के आंतरिक चरण का सफल आयोजन विश्वविद्यालय में नवाचार, उद्यमिता, तकनीकी समस्या-समाधान एवं सहयोगात्मक अधिगम को बढ़ावा देने की दिशा में विश्वविद्यालय के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
पंतनगर विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के आंतरिक चरण का आयोजन ,62 टीमों के 372 विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचार एवं तकनीक आधारित समाधान
