खटीमा। (राजतंत्र टाइम्स)। 04 अक्टूबर 2026 को खटीमा में आयोजित होने वाले VVIP कार्यक्रम के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशानुसार कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। साथ ही VVIP, VIP एवं आमजन के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।
टनकपुर से रुद्रपुर/पीलीभीत जाने वाले वाहन
टनकपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को चकरपुर बाईपास से चौकी प्रतापपुर एवं सत्रमील चौकी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं पीलीभीत की ओर जाने वाले छोटे वाहन लोहिया हेड तिराहा, कपूर तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होते हुए जाएंगे।
पीलीभीत से टनकपुर/रुद्रपुर
पीलीभीत से आने वाले छोटे वाहन मुंडेली चौराहा, नौगवाठग्गू एवं भूड़ नहर होते हुए रुद्रपुर/टनकपुर की ओर जाएंगे। भारी वाहनों को सत्रमील चौकी एवं प्रतापपुर चौकी के रास्ते से भेजा जाएगा।
रुद्रपुर से टनकपुर/पीलीभीत
रुद्रपुर से टनकपुर जाने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों के लिए चकरपुर बाईपास का प्रयोग किया जाएगा। वहीं पीलीभीत जाने वाले छोटे वाहन भूड़ चौराहा, नौगवाठग्गू एवं मुंडेली चौराहा होकर जाएंगे।
मेलाघाट से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी रूट निर्धारित
मेलाघाट से रुद्रपुर/टनकपुर जाने वाले छोटे वाहन राजीव नगर चौराहा, कपूर चौराहा, लोहिया हेड चौराहा एवं चकरपुर बाईपास से जाएंगे। पीलीभीत की ओर जाने वाले वाहन राजीव चौक, सीएसडी कैंटीन रोड, साईं तिराहा एवं मुंडेली चौराहा होते हुए जाएंगे।
VVIP, VIP और आमजन के लिए अलग पार्किंग
पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग व्यवस्था की है।
वर्कशॉप पार्किंग (A): अतिविशिष्ट महानुभावों (VVIP) के वाहनों के लिए।
होलीडे होम पार्किंग (B): विशिष्ट महानुभावों (VIP) के वाहनों के लिए।
मंडी पार्किंग (C): आमजन एवं रैली में आने वाले सभी वाहनों के लिए।
अचानक आने वाले भारी वाहनों को इन स्थानों पर रोका जाएगा
कार्यक्रम के दौरान यदि भारी वाहनों का अचानक आवागमन होता है तो उनके लिए भी वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है।
पीलीभीत मार्ग: बड़े वाहनों को मुंडेली चौराहे से करीब 200 मीटर पहले पीलीभीत रोड पर रोका जाएगा।
रुद्रपुर-टनकपुर मार्ग: रुद्रपुर से आने वाले बड़े वाहनों को कोर्ट परिसर खटीमा के बाहर उपलब्ध चौड़ी जगह पर पार्क कराया जाएगा।
टनकपुर-खटीमा मार्ग: टनकपुर से खटीमा की ओर आने वाले भारी वाहनों को नायरा पेट्रोल पंप, अमाऊ के पास उचित स्थान पर रोका जाएगा।
मेलाघाट मार्ग: मेलाघाट से आने वाले बड़े वाहनों को थाना झनकईया क्षेत्र में उपलब्ध उचित स्थान पर पार्क कराया जाएगा।
ई-रिक्शा, ऑटो और टेम्पो के संचालन पर रहेगा प्रतिबंध
VVIP कार्यक्रम की अवधि के दौरान ई-रिक्शा, टुक-टुक, मैजिक, ऑटो एवं टेम्पो के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए वाहन चालकों से निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि 04 अक्टूबर को खटीमा क्षेत्र में यात्रा करने से पहले निर्धारित डायवर्जन एवं रूट प्लान की जानकारी अवश्य लें। अनावश्यक परेशानी और जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
