8 अक्टूबर को रुद्रपुर में निकलेगा कांग्रेस का विशाल मार्च,विरोध मार्च को सफल बनाने के लिए बैठक में बनाई रणनीति

रुद्रपुर।  (राजतंत्र टाइम्स । मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” एवं “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान के तहत 8 अक्टूबर को रुद्रपुर में विशाल जिला स्तरीय मार्च निकाला जाएगा। मार्च को सफल बनाने के लिए रविवार को सिटी क्लब में आयेाजित कांग्रेस की बैठक रूपरेखा तैयार करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियां सौंपी गयी।बैठक में तय किया गया कि 8 अक्टूबर को विशाल मार्च गल्ला मंडी से शुरू होगा, जो मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचेगा। यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद मुख्य मार्ग पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं भाजपा सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। इसके उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर रवाना होंगे। कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि निष्पक्ष चुनाव और मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना है। कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरे देश में आवाज उठा रही है। 8 अक्टूबर का मार्च इसी संघर्ष की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी ब्लॉकों, नगरों और कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होने का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि 8 अक्टूबर का कार्यक्रम केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं बल्कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संघर्ष करती रहेगी।बैठक में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन व्यवस्था की निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण है। यदि मतदाता के अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े होते हैं तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर उसका सीधा प्रभाव पड़ता है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर पूरे विषय को रखें और लोकतंत्र की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर को होने वाला मार्च ऊधमसिंह नगर में कांग्रेस के मजबूत संगठनात्मक संकल्प को प्रदर्शित करेगा।बैठक में मार्च की रूट व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, प्रचार-प्रसार, अनुशासन, विभिन्न स्थानों पर जिम्मेदारियां तथा कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने की व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि 8 अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांग्रेस डॉक्टर अजय कुमार सिंह, राजेंद्र,पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद सुशील मंडल, पार्षद अशफाक अंसारी, पार्षद परवेज कुरैशी, पार्षद राजू कोली, एनएसयूआई अध्यक्ष अनुज बिश्नोई, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष तरुण नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक राय, ब्लॉक अध्यक्ष पवन बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष नासिर अली, धीरेंद्र वर्मा, उमा सरकार, सुमन गंगवार, मोहनीश कुमार जिला अध्यक्ष कांग्रेस सेवा दल, योगेश चौहान, विकास विश्वास, आबिद हुसैन, राजवीर सिंह विर्क, प्रदीप यादव, रवि आदि समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।