अंकिता सिर्फ पहाड़ नहीं, देश की बेटी’,न्याय के लिए व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कराया सिर मुंडन

Share Now

अंकिता को न्याय दिलाने की मांग तेज: व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने हवन कराकर कराया सिर मुंडन, CBI जांच की उठी मांग

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) अंकिता हत्याकांड को लेकर एक बार फिर जनाक्रोश तेज हो गया है। हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर कुछ वीआईपी और सफेदपोश लोगों के इस मामले में शामिल होने के आरोप वायरल होने के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है। विपक्ष लगातार अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहा है और इसी क्रम में धरना-प्रदर्शन व रैलियां भी आयोजित की जा रही हैं।
इसी कड़ी में रुद्रपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ खेड़ा स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में हवन किया। इसके बाद उन्होंने अपने साथी अभिमन्यु के साथ सिर का मुंडन कराकर अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और सीबीआई जांच की मांग को दोहराया।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी पौड़ी जिले के यमकेश्वर स्थित वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत थीं। 18 सितंबर 2022 को वह लापता हो गई थीं, जबकि एक सप्ताह बाद उनका शव चीला शक्ति नहर से बरामद हुआ था। इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज है। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर इस हत्याकांड में अन्य प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आने के बाद मामला एक बार फिर तूल पकड़ गया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अंकिता सिर्फ पहाड़ की बेटी नहीं बल्कि पूरे देश की बेटी है और उसे हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है कि वह इस मामले में क्या निर्णय लेती है।
इस मौके पर मोहन खेड़ा, अर्जुन विश्वास, मोनिका ढाली, सौरभ राज बेहड़, नाजिया, इंद्रजीत सिंह, उमा सरकार, विकास मलिक सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *