गोलीकांड पर सख्त कार्रवाई: फॉर्च्यूनर, लाइसेंसी व अवैध हथियार बरामद, तीन गिरफ्तार

Share Now

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) जमीनी विवाद को लेकर रविवार को हुई आपसी फायरिंग में एक मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक लाइसेंसी राइफल, दो अवैध हथियार तथा घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई है। इससे पहले इस मामले में एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के प्रीत विहार, फाजलपुर महरौला में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई थी। इस दौरान गोली लगने से मजदूर कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मैन्युअल पुलिसिंग, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सघन कार्रवाई की। सोमवार को पुलिस ने मुख्य आरोपित जशनदीप उर्फ जशन पुत्र हरपाल सिंह, निवासी फाजलपुर महरौला को ब्लॉक रोड से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर घर के बेडरूम से घटना में प्रयुक्त 315 बोर की लाइसेंसी राइफल बरामद की गई।
मंगलवार को फरार आरोपित शमशेर सिंह उर्फ शेरा पुत्र स्व. साहब सिंह, निवासी ग्राम छतरपुर कॉलोनी, थाना पंतनगर को डीपीएस स्कूल, बगवाड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार तथा 315 बोर की अवैध राइफल बरामद की गई।
वहीं, एक अन्य आरोपित तनवीर सिंह के विदेश भागने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी किया। उसे दिल्ली एयरपोर्ट से डिटेन कर रुद्रपुर लाया गया, जहां थाना परिसर में विधिवत गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर किच्छा बाईपास रोड स्थित खेत से 32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद की गई।
बरामद हथियारों के आधार पर एफआईआर संख्या 592/2025 में धारा 3/25/27/30 आयुध अधिनियम तथा एफआईआर संख्या 593/2025 में धारा 3/25/27 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। अपराधी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *