जसपुर। (राजतंत्र टाइम्स)सरकार की मंशा को धरातल पर उतारते हुए जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड जसपुर के राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय भरतपुर में वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक ही छत के नीचे आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला और सैकड़ों समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक आदेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में न्याय पंचायत भरतपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों सहित आसपास के गांवों से कुल 2279 लोगों ने प्रतिभाग किया और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
बहुउद्देशीय शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इस दौरान 267 शिकायतें एवं प्रमाण पत्र संबंधी समस्याएं सामने आईं, जिनमें से आधे से अधिक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गांव-गांव बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान गांव में ही हो सके।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले और जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान हो।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लोगों से फार्म भरवाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
शिविर में सिंचाई, जलभराव, श्रम कार्ड, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति, विद्युत, पूर्ति, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, कौशल विकास, ग्राम्य विकास एवं राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनका अधिकांश समाधान मौके पर किया गया।
बाल विकास विभाग द्वारा 05 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई तथा 10 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। शिविर में 204 विभिन्न प्रकार के फार्म भरवाए गए और कुल 2279 लोगों को अलग-अलग योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल, सांसद प्रतिनिधि शीतल जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, ग्राम प्रधान अंकुर कुमार, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदौला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।

