रुद्रपुर न्यूज।उत्तराखंड समाचार
(Rajtantra Times)। अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर प्रदेश की सियासत और सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ वीआईपी नामों के शामिल होने के आरोपों से जुड़ी खबरें वायरल होते ही जनता का गुस्सा सड़कों पर उतर आया है। अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उत्तराखंड में लगातार विरोध प्रदर्शन तेज होते जा रहे हैं।
इसी कड़ी में मंगलवार देर शाम रुद्रपुर के गंगापुर रोड स्थित दक्ष चौक से एक कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च गंगापुर रोड से होते हुए न्याय के देवता भगवान गोलज्यू देवता मंदिर पहुंचा, जहां लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर अंकिता के लिए न्याय की गुहार लगाई।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यदि इस मामले में प्रभावशाली और रसूखदार लोगों को बचाने की कोशिश की गई तो जनता चुप नहीं बैठेगी। कैंडल मार्च के दौरान “अंकिता को न्याय दो” और “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारे गूंजते रहे।
कैंडल मार्च में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, दिनेश बम, हरीश दनाई, धीरज पांडे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। वक्ताओं ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और राजनीतिक दबाव से मुक्त न्याय की मांग की। वहीं जनता का साफ संदेश था कि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज होगा।

