सीबीआई जांच स्वागतयोग्य, सच अब सामने आएगा”:सांसद अजय भट्ट

Share Now

लालकुआं न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) प्रदेश के चर्चित मामले में मुख्यमंत्री द्वारा सीबीआई जांच की संस्तुति किए जाने को नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने जनता की भावनाओं के अनुरूप लिया गया साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने स्वीकार कर न्यायिक पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो जाएगा और सच्चाई देश के सामने आएगी। मीडिया से बातचीत में सांसद अजय भट्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून पूरी मजबूती से अपना काम करेगा और किसी भी प्रकार का दबाव जांच प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष का रवैया शुरू से ही दोहरा और अवसरवादी रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस लगातार जांच की मांग कर रही थी, लेकिन जैसे ही सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी, वही कांग्रेस राजनीतिक बयानबाजी और भ्रम फैलाने में जुट गई। मात्र कुछ कथित टेलीफोनिक बातचीत के आधार पर सरकार और निर्दोष लोगों की छवि खराब करने का प्रयास किया गया, जिसकी कोई प्रमाणिकता नहीं है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि अब जबकि मामला सीबीआई के पास जा रहा है, विपक्ष को भी संयम और जिम्मेदारी दिखानी चाहिए। जांच एजेंसी पर भरोसा रखते हुए अनावश्यक आरोप-प्रत्यारोप और अफवाहों से जनता को गुमराह करना बंद करना होगा।
उन्होंने दो टूक कहा कि निष्पक्ष जांच के बाद जो भी सच्चाई होगी, वह सामने आएगी और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार न्याय के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *