रुद्रपुर न्यूज | उत्तराखंड समाचार
(Rajtantra Times)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद जनपद ऊधम सिंह नगर में भूमि विवादों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। रुद्रपुर में भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।
इस क्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के आदेश पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में गठित समिति की अहम बैठक अपर जिलाधिकारी प्रशासन के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर में लंबित भूमि विवादों की गहन समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों एवं चकबंदी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अभियान मोड में सभी भूमि विवादों के मामलों का परीक्षण करें और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, ताकि विवादों का शीघ्र और स्थायी समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भूमि विवादों की प्रकृति, विवाद से जुड़े पक्ष, विवाद के कारण और उससे कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों का समग्र आकलन अनिवार्य है। समिति द्वारा यह भी जांच की जाएगी कि विवादों के निस्तारण के लिए कौन-कौन सी कानूनी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं और उनका प्रभावी उपयोग कैसे किया जा सकता है।
अपर जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि भूमि विवादों के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में समिति सदस्य अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी किशोरी कुटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी उप जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।

