- प्राधिकरण की आय में 48% वृद्धि, विकास कार्यों को मिलेगी गति
- प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में आएगी पारदर्शिता, नई वेबसाइट और AI चैटबॉट पर चर्चा
- शहर सौंदर्यीकरण के लिए हाईवे एंट्री गेट और पार्कों के पुनर्विकास की योजना
- मोदी मैदान बनेगा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, तैयार होगा मास्टर प्लान
रूद्रपुर न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) आयुक्त कुमाऊँ मण्डल एवं अध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण दीपक रावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की 22वीं बोर्ड बैठक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कॉन्फ्रेंस हॉल, कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई।
बैठक में प्राधिकरण के वित्तीय वर्ष 2025-26 के वास्तविक आय-व्ययक और वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु प्रस्तावित बजट पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, के वित्तीय आंकड़ों में इस वर्ष उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। प्राधिकरण की राजस्व आय में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 48 प्रतिशत की वास्तविक वृद्धि दर्ज की गई है। इसी क्रम में, आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए कुल प्रस्तावित आय के लक्ष्य में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 27.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है।
आय के इन बढ़ते आंकड़ों से स्पष्ट है कि प्राधिकरण नियोजित विकास और राजस्व संग्रह की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है।
बोर्ड बैठक में कुल 32 मुख्य प्रस्ताव/मदों पर विचार-विमर्श किया गया। जिसमे चालु वित्तीय वर्ष हेतु बजट अनुमोदन, नीतिगत प्रस्ताव 13, मानचित्र के कुल प्रस्ताव स्वीकृत-16 का अनुमोदन किया गया तथा 02 प्रस्ताव शासन से मार्गदर्शन हेतु प्रस्तावित किये गये। इसके अतिरिक्त बोर्ड बैठक में जनपद के सौंदर्गीकरण/विकास हेतु प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भविष्य की योजनाओं को प्रस्तुत किया गया। इसमें रुद्रपुर शहर के प्रवेश द्वारों पर भव्य हाईवे एंट्री गेट के निर्माण और शहर के प्रमुख पार्कों के पुनर्विकास व सिविल कार्यों के आधुनिक डिजाइनों का प्रदर्शन किया गया।
साथ ही, प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने हेतु नई वेबसाइट और नागरिकों की सहायता के लिए Al Chatbot, Website, PGRS AI विकसित करने संबंधी तकनीकी परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मोदी मैदान को एक अत्याधुनिक बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम के रूप में विकसित किया जायेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एथलेटिक ट्रैक, क्रिकेट पिच और विभिन्न इनडोर व आउटडोर खेलों की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम, दर्शकों के लिए विशाल गैलरी और खेल आयोजनों हेतु उन्नत तकनीकी बुनियादी ढांचे का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत खटीमा क्षेत्र के विकास हेतु रू0 1497.46 लाख की लागत वाली विकास योजनाओं को बोर्ड द्वारा प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना के मुख्य आकर्षणों में खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक के मार्ग का 4-लेन चौडीकरण और अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था शामिल है। प्राधिकरण द्वारा K3 (Kumoan Kommerce & Kuteer) परियोजना प्राधिकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें त्रिशूल चौक के समीप लोनिवि के जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पूर्व निर्मित भवनों के स्थान पर प्राईम लोकेशन होने के दृष्टिगत आवासीय व व्यवसायिक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग निर्मित की जानी है, जिस हेतु प्राधिकरण द्वारा आंगणन तैयार किया जा चुका है तथा भूमि हस्तान्तरण एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित किये जाने हेतु निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अन्तर्गत ग्राम फाजलपुर महरोला तहसील रूद्रपुर में यातायात नगर परियोजना हेतु 46.88 एकड़ भूमि पर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण द्वारा 7204.07 लाख का प्रारम्भिक ड्राइंग, डिजाईन व डी०पी०आर० तैयार किया जा चुका है, जिसको HUDCO से वित्तीय प्रबंधन कर आगणन शासन को प्रेषित किये जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, उपाध्यक्ष प्राधिकरण जय किशन, सचिव पंकज उपाध्याय, मुख्य कोषाधिकारी डॉ0 पंकज कुमार शुक्ल, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, रविन्द्र बिष्ट, डीजीसी राजस्व मनोज तिवारी, सिविल बरीत सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

