“हैलो हेल्प पिथौरागढ़”- मात्र एक दिन में 57 शिकायतें दर्ज, रियल टाइम में विभागों तक पहुंच रहीं समस्याएं

Share Now

पिगढ़थौरा । (राजतंत्र टाइम्स) जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अभिनव पहल “हैलो हेल्प पिथौरागढ़” को जनपदवासियों का शानदार समर्थन मिलने लगा है। शुक्रवार को शुभारंभ किए गए इस जनसहभागिता एवं शिकायत निवारण प्लेटफॉर्म पर मात्र एक दिन के भीतर ही 57 शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं, जिससे स्पष्ट है कि आमजन इस व्यवस्था पर तेजी से भरोसा जता रहे हैं।

“हैलो हेल्प पिथौरागढ़” के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को रियल टाइम बेसिस पर संबंधित विभागों को ट्रांसफर किया गया है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। हैलो हेल्प सेंटर की मॉनिटरिंग कर रहे ई डिस्टिक मैनेजर दिनेश वर्मा ने बताया कि जनता लगातार कॉल के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज करा रही है और लोगों में इस नई व्यवस्था को लेकर उत्साह एवं विश्वास देखने को मिल रहा है।

इस पहल के अंतर्गत अब आमजन घर बैठे अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। “हैलो हेल्प पिथौरागढ़” कार्यदिवसों में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगा, जिसके दौरान नागरिक कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक किसी भी समय व्हाट्सएप के माध्यम से भी अपनी शिकायत एवं संबंधित जानकारी भेज सकते हैं। वहीं कम नेटवर्क उपलब्धता की स्थिति में शिकायतकर्ता एसएमएस के माध्यम से भी अपनी समस्या हैलो हेल्प तक पहुंचा सकता है।

जनपदवासियों द्वारा “हैलो हेल्प पिथौरागढ़” को मिल रहा सकारात्मक प्रतिसाद यह दर्शाता है कि जनता अब प्रशासन से सीधे जुड़कर अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस कर रही है। यह पहल भविष्य में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *