Share Now
  •  महापौर विकास शर्मा की पहल पर बनी नई सुरक्षा रणनीति
  • रातभर बाजार क्षेत्र में गश्त करेंगे पीएसी जवान
  •  चार शोरूमों में चोरी की घटना का जल्द होगा खुलासा

रूद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स) शहर में पिछले दिनों शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की वारदातों के व्यापारियों के असंतोष और सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मंगलवार को महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मुलाकात की। इस दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लंबी और अहम वार्ता हुई, जिसमें रात के समय बाजारों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए बड़ा निर्णय लिया गया।

बैठक में तय हुआ कि अब शहर की रात की सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी के जवानों की अलग से तैनाती की जाएगी। एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से एक प्लाटून पीएसी तैनात करने के निर्देश जारी किये। यह पीएसी बल रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त करेगा। पीएसी जवानों की निगरानी और संचालन के लिए एक सब इंस्पेक्टर को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दरअसल बीते दिनों मटके वाली गली सहित शहर के चार प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद व्यापारियों में नाराजगी थी। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की थी। इसी क्रम में महापौर विकास शर्मा व्यापारियों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की। एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस की विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने एसएसपी से वार्ता के बाद बताया कि व्यापारियों के सुझावों के आधार पर शहर के कई संवेदनशील प्वाइंट चिन्हित कर लिए गए हैं, जहां पीएसी जवानों की विशेष तैनाती रहेगी। इसके अलावा शहर की गलियों और बाईपास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रात में लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए पुलिसकर्मियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन मिलकर ऐसा सुरक्षा तंत्र तैयार कर रहे हैं जिससे भविष्य में चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस लगातार “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों और नशा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। रूद्रपुर में भी अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी व्यापारी को असुरक्षित महसूस नहीं होने दिया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जहां आवश्यकता महसूस होगी वहां नगर निगम की ओर से भी अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सुरक्षा रणनीति लागू होने के बाद शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *