दिशा बैठक में सांसद अजय भट्ट सख्त, ESIC अस्पताल की लापरवाही पर जांच के आदेश, बिजली और जल जीवन मिशन पर भी जताई नाराजगी

Share Now
  • जनहित के मुद्दों पर सांसद अजय भट्ट का सख्त रुख, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
  • ESIC अस्पताल से लेकर बिजली विभाग तक दिशा बैठक में गूंजे जनहित के मुद्दे, सांसद ने मांगी जवाबदेही
  • दिशा बैठक में सांसद अजय भट्ट की दो टूक—लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता को समय पर मिले योजनाओं का लाभ

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान सांसद ने ईएसआईसी चिकित्सालय में डॉक्टरों द्वारा मरीजों के प्रति लापरवाही की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पताल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सांसद ने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर या उपकरण उपलब्ध नहीं हैं तो मरीजों को तत्काल रेफर किया जाए।

सांसद ने रुद्रपुर और काशीपुर के विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं द्वारा समिति की बैठक नहीं बुलाने पर भी नाराजगी जताई और जिलाधिकारी को स्पष्टीकरण लेने के साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों डिवीजनों में कराए जा रहे कार्यों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने को भी कहा।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद ने पेयजल पाइपलाइन में लीकेज की शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए भुगतान पर रोक लगाई जाए। अधिकारियों ने बताया कि पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18001804100 जारी है।

सांसद ने नैनीताल हाईवे पर डीडी चौक से परशुराम चौक तक फुटओवर ब्रिज, हल्द्वानी रोड स्थित टांडा रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के प्रस्ताव तैयार करने तथा बाजपुर की लेवड़ा नदी पर बन रहे पुल को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पीएम उज्ज्वला योजना, मेडिकल कॉलेज, किच्छा एम्स, पंतनगर एयरपोर्ट, अमृत योजना, गौशाला निर्माण, मनरेगा, समग्र शिक्षा अभियान सहित कई केंद्रीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *