मुख्यमंत्री धामी के स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को लेकर पौड़ी में निकली स्वच्छता रैली

Share Now
  • स्वच्छ पौड़ी का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे लोग, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाया जनजागरुकता अभियान

पौड़ी गढ़वाल।(राजतंत्र टाइम्स)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की दिशा में पौड़ी में विशेष स्वच्छता रैली आयोजित की गई। सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी बनाने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से एजेंसी चौक से रामलीला मैदान विशेष स्वच्छता रैली निकाली गई।

रैली के दौरान लोगों को खुले में कूड़ा न फेंकने, घरों के बाहर गंदगी न करने तथा नगर पालिका की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा प्लास्टिक कचरे को न जलाने और न ही मिट्टी में दबाने की अपील की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घर का कूड़ा बाहर न फेंककर नगर पालिका की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण गाड़ी में देने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर से निकलने वाले जैविक कचरे को अलग एकत्रित कर खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है। साथ ही लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करने और खुले में गंदगी करने वालों को भी समझाकर स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।

नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने लोगों से अपील की कि कूड़े को इधर-उधर न फैलाएं, बल्कि एक स्थान पर एकत्रित कर गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। प्लास्टिक सहित अन्य कचरे को जलाने के बजाय नगर पालिका की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण गाड़ी में ही दें। उन्होंने कहा कि सभी लोग स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से विभिन्न सामाजिक संगठनों, नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर सफाई निरीक्षक हेमंत कुमार, सभासद संगीता रावत, सभासद अरविंद रावत सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *