ऑपरेशन प्रहार: चार नशा तस्कर गिरफ्तार, 24.43 ग्राम स्मैक बरामद

Share Now

रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर।(राजतंत्र टाइम्स)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। जिले के नानकमत्ता, आईटीआई और काशीपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 24.43 ग्राम शुद्ध स्मैक/हेरोइन, बिक्री के 4,200 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद स्मैक की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

 नानकमत्ता में दो महिलाएं गिरफ्तार

कोतवाली नानकमत्ता एवं चौकी प्रतापपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कृष्णा कौर (38) निवासी ग्राम कौंदाखेड़ा और संदीप कौर (20) निवासी ग्राम जोगीठेर प्रतापपुर नंबर-07 को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से क्रमशः 5.56 ग्राम और 6.45 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद हुई। इस मामले में थाना नानकमत्ता में एफआईआर  एनडीपीएस एक्ट में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

आईटीआई पुलिस ने युवक को दबोचा

कोतवाली आईटीआई पुलिस ने कचनाल गुसाईं रोड स्थित आईआईएम छात्रावास गेट के पास चेकिंग के दौरान प्रेम सिंह (32) निवासी ग्राम दभौराएहतमाली, मुकंदपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 4.87 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद होने के साथ ही घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक वीवो की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर  एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

काशीपुर में स्मैक और नकदी बरामद

काशीपुर पुलिस ने अंसार कॉलोनी के पास बांसफोड़ान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोहल्ला अल्ली खां निवासी जुनैद उर्फ कुंजा (34) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 12.42 ग्राम अवैध स्मैक और बिक्री के 4,200 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में एफआईआर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *