किच्छा। (राजतंत्र टाइम्स) घरेलू गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए किच्छा में प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डे के नेतृत्व में पुलिस, पूर्ति और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने गैस एजेंसियों के स्टॉक की जांच की और घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करने के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी एजेंसी में कालाबाजारी या अवैध गतिविधि पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डे ने मौके पर गैस सिलेंडरों का वजन कराकर घटतौली की भी जांच कराई, जिसमें सिलेंडर का वजन सही पाया गया।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रत्येक गैस एजेंसी और गोदाम पर सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न विभागों के कार्मिकों की तैनाती भी कर दी गई है।
साथ ही संबंधित विभाग के पूर्ति निरीक्षक को गैस सिलेंडरों के स्टॉक और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

