SSP अजय गणपति का कच्ची शराब माफियाओं के विरुद्ध कड़ा रुख 
रुद्रपुर न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए शराब माफियाओं पर जोरदार कार्रवाई की है। बीते पांच दिनों में पुलिस ने जिलेभर में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 115 मामलों में मुकदमे दर्ज किए और 106 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने 2,822 लीटर कच्ची शराब बरामद की। वहीं अवैध रूप से संचालित 61 शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले करीब 1,47,645 लीटर लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कई वाहनों को भी सीज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने साफ कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

