हर घर तक पहुंचेगी डिजिटल टीम, जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट

Share Now

रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) ऊधमसिंह नगर मे जनगणना कार्य को सफल एवं त्रुटिरहित संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला सभागार में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण में सुपरवाइजरों एवं गणनाकारों को डिजिटल डेटा संकलन की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।ट्रेनर दिनेश बिष्ट एवं विमलेश प्रजापति ने डिजिटल एप्लीकेशन के माध्यम से रियल-टाइम डेटा एंट्री, मोबाइल एप के उपयोग, हाउस लिस्टिंग, परिवार विवरण तथा आधारभूत सुविधाओं के सही अंकन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि इस बार जनगणना कार्य पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिससे आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।उप जिलाधिकारी/ओसी गौरव पाण्डेय ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, अतः सभी कार्मिक पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज की जाए। उन्होने कहा जनगणना-2027 भारत की पहली ऐसी जनगणना होगी जिसमें आंकड़ों का संकलन पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से परिवारों से जानकारी संकलित की जाएगी, जिसके लिए वे अपने स्मार्ट फोन का उपयोग करेंगे। इसके अतिरिक्त नागरिकों को एक निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। उन्होने सभी को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें तथा प्रत्येक प्रावधान, प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझें जिससे जनगणना कार्य शत-प्रतिशत शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *