मंगलवार को नॉनवेज परोसने पर सामान जब्त

Share Now

रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) शहर में मंगलवार को मांस की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अब सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। मंगलवार को त्रिशूल चौक क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर नॉनवेज परोस रहे एक ढाबे पर निगम की टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर मांसाहार की बिक्री की पुष्टि होने पर टीम ने नॉनवेज और पतीला जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर नगर निगम को सूचना मिली थी कि त्रिशूल चौक स्थित ‘अली ख्वाजा बिरयानी’ नामक प्रतिष्ठान पर मंगलवार की पाबंदी के बावजूद नॉनवेज बेचा और खिलाया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने टीम को तत्काल मौके पर जाकर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर के आदेश मिलते ही निगम की टीम हरकत में आई और छापेमारी की।

जैसे ही निगम की टीम दुकान पर पहुँची, वहां नॉनवेज परोसे जाने की पुष्टि हुई। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदार और ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर मौजूद नॉनवेज के साथ ही संबंधित पतीला और अन्य सामग्री को कब्जे में ले लिया। निगम अधिकारियों ने दुकान स्वामी को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर दुकान को सील करने के साथ ही भारी जुर्माना वसूला जाएगा।

निगम की टीम ने इस दौरान क्षेत्र के अन्य होटल और ढाबा संचालकों को भी सख्त हिदायत दी। टीम के सदस्यों ने कहा कि शहर की मर्यादा और नियमों के तहत मंगलवार को कच्चा या पका हुआ मीट बेचना और होटल-ढाबों में परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित है। जो भी इन आदेशों की अवहेलना करेगा, उसके विरुद्ध नगर निगम अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

छापेमारी में मुख्य रूप से जेई शुभम कुमार, मनोज गहतोड़ी, शुभम पाल और सुमित सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *