रुद्रपुर न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) सर्व समाज कल्याण समिति और लघु व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप के तत्वावधान में नौवें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन रविवार को ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण चुघ ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 9 वर्षों से लगातार सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है और इस वर्ष भी सर्व समाज के सहयोग से भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें 21 नवविवाहित जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गल्ला मंडी से बारात प्रारंभ होकर मुख्य बाजार और झील मार्ग से होते हुए ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान पहुंचेगी, जहां बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाज और गायत्री परिवार के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की सभी रस्में संपन्न कराई जाएंगी।
समारोह में दूधिया मंदिर के शिवानंद जी महाराज, मनकामेश्वर मंदिर के स्वामी नारायण चैतन्य, सोमानंद जी महाराज और अशोक जी महाराज सहित कई संत-महात्मा वर-वधु को आशीर्वाद देंगे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक चुघ ने बताया कि संस्था और जनसहयोग से सभी वर-वधु को डबल बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, सिलाई मशीन, पंखा और बर्तन सहित अन्य आवश्यक गृहस्थी का सामान भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया जाएगा।
लघु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही 21 जोड़ों का चयन किया गया है, जो सभी मानकों पर खरे उतरते हैं। विवाह समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए भोजन की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज गुप्ता, विकास बंसल, कमलदीप सोनकर, मधु डे, अशोक शाह, गौरव, दीप गुप्ता, पूरन पांडेय, संजीव लाला, गौरव दीक्षित सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं गायत्री परिवार के अनुज अग्रवाल ने बताया कि वर्ष भर गायत्री परिवार द्वारा विवाह और धार्मिक आयोजन कराए जाते हैं और इस सामूहिक विवाह में भी संस्था का पूरा सहयोग रहेगा।

