जनपद में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें—जिला पूर्ति अधिकारी

Share Now

सिंगल कनेक्शन पर 25 दिन और डबल कनेक्शन पर 30 दिन बाद ही होगी रीफिल बुकिंग, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स)भारत सरकार के राजपत्र दिनांक 09 मार्च 2026 के परिप्रेक्ष्य में जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद में संचालित सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा इसकी आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस की किसी प्रकार की कमी या बाधा नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर गैस की उपलब्धता को लेकर अफवाहें फैलने के कारण गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ देखी जा रही है। जबकि जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है और एजेंसियों पर भीड़ लगाने से बचना चाहिए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सिंगल सिलेंडर कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए दूसरी बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिनों का अंतराल तय किया गया है, जबकि डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ता 30 दिन की अवधि पूर्ण होने के बाद ही गैस सिलेंडर की रीफिलिंग बुक कर सकते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से निर्धारित समयावधि का पालन करने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि गैस सिलेंडर की रीफिलिंग केवल फोन अथवा ऑनलाइन माध्यम से की गई बुकिंग के आधार पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को एजेंसी पर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि डिलीवरी मैन द्वारा घर पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा रुद्रपुर और काशीपुर क्षेत्र के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि गैस की सुचारू आपूर्ति के लिए वे पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के लिए आवेदन करें। आवेदन करने वाले प्रतिष्ठानों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा और नियमित पीएनजी गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ता शिकायत दर्ज कराने के लिए आपदा कंट्रोल रूम नंबर 05944-250250, 05944-250500 तथा एलपीजी टोल फ्री नंबर 18002333555 पर संपर्क कर सकते हैं।
साथ ही गैस पाइपलाइन कनेक्शन से संबंधित जानकारी या आवेदन के लिए कुश गर्ग (7206413402), रोहित (7978216113), सचिन कश्यप (9084897398) और दीपक नेगी (9997362038) से संपर्क किया जा सकता है।
जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि पूर्ण होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें तथा गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें। प्रशासन द्वारा एलपीजी की आपूर्ति को पूरी तरह व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *