UKSSSC परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

Share Now

चम्पावत।(राजतंत्र टाइम्स)। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय अर्हता परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए परीक्षा केन्द्र शोभन सिंह जीना राजकीय महाविद्यालय, चम्पावत का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्र में स्थापित कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया तथा संचार माध्यमों के दुरुपयोग को रोकने हेतु स्थापित जैमर व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन एवं बहुस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्मार्ट वॉच, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री के साथ प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता सर्वोपरि है और इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण करते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर सतत सतर्कता बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि अथवा नकल के प्रयास पर तत्काल एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि मेहनत एवं प्रतिभा के आधार पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का कोई भी प्रयास पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जनपद प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा निगरानी तंत्र तैनात किया गया है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान उप जिला अधिकारी चंपावत विपिन चंद्र पंत, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *