भोले-भाले लोगों को रुपये डबल करने का लालच देकर की जा रही थी ठगी
ठगी की रकम से बनाए आलीशान मकान, खरीदी महंगी गाड़ियां
रुद्रपुर न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) ‘जिन्न/जिन्नात’ के नाम पर अंधविश्वास फैलाकर भोले-भाले ग्रामीणों से करोड़ों रुपये ठगने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली आइटीआइ पुलिस ने तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है।शकील अहमद निवासी बांसखेड़ा ने 16 फरवरी को कोतवाली आइटीआइ में दी तहरीर में कहा था कि गांव निवासी सरताज अली उर्फ कादरी बाबा, सफीक अहमद व मो. आरिफ द्वारा ग्रामीणों को यह कहकर अपने प्रभाव में लिया गया कि सरताज अली उर्फ कादरी बाबा पर ‘जिन्नात’ आता है, जो पैसे डबल कर देता है। लगभग एक वर्ष पूर्व बांसखेड़ा में आयोजित एक धार्मिक जलसे में मुख्य अतिथि के रूप में आए सरताज अली ने धार्मिक भाषणों के माध्यम से लोगों को प्रभावित किया और विभिन्न “स्कीमों” का प्रचार शुरू किया। आरोपित 15,500 प्रतिमाह जमा करने पर 40 दिन बाद 20,000 प्रतिमाह देने का लालच, कामगारों के लिए 25,500 की योजना, विधवाओं के लिए 6,500 की योजना और बच्चियों के नाम पर 12,500 की योजना चला रहा था।
घर-घर प्रचार कर अशिक्षित व भोले-भाले लोगों (पुरुष एवं महिलाएं) को झांसे में लिया गया। आरोपितों के सहयोगियों द्वारा यह भी प्रचारित किया गया कि बाबा से जुड़ने वाले लोगों के पास “जिन्नात” के माध्यम से लगातार पैसा आ रहा है, जिससे उन्होंने प्लॉट, मकान व महंगी गाड़ियां खरीदी हैं।पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने ग्रामीणों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि एकत्रित कर ली।सफीक द्वारा लगभग 20 लाख की लागत से नया मकान व एक बलेनो कार खरीदी गई।मो० आरिफ ने लगभग 10 लाख का प्लॉट खरीदा है।सरताज अली उर्फ कादरी बाबा द्वारा ग्राम धीमरखेड़ा में प्लॉट लेकर मकान निर्माण व बोलेरो वाहन खरीदा गया। अन्य साथियों द्वारा भी प्लॉट व स्कॉर्पियो/हाई-राइडर जैसे वाहन खरीदने की जानकारी प्रकाश में आई है।
जब पीड़ितों द्वारा धन वापसी की मांग की गई तो आरोपितों द्वारा गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्राथमिकी पंजीकृत कर त्वरित अनावरण के निर्देश दिए।पुलिस विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच की तो अन्य संदिग्धों की संलिप्तता भी प्रकाश में आई।आरोपित घरों में ताला लगाकर गैर राज्य (उत्तर प्रदेश) भाग गए। संभावित असंतोष की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पीड़ितों को विश्वास में लेकर विशेष टीमों का गठन किया। ने आरोपित सरताज अली उर्फ कादरी बाबा उर्फ सैयद मियां , शफीक , आरिफ को जिला रामपुर (उप्र) से गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की गई। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत जनता में ‘जिन्न/जिन्नात’ के नाम पर अंधविश्वास फैलाकर उनकी जीवन भर की जमा पूंजी हड़पने की बात स्वीकार की गई। अग्रिम विवेचना प्रचलित है तथा अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।पकड़े गए आरोपित सरताज अली पुत्र अख्तर अली,शफीक पुत्र रफीक और आरिफ पुत्र मोहम्मद यूसुफ हैं।

