रुद्रपुर में बच्चों ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं, अधिकारों के प्रति किया जागरूक

  • बाल संप्रेक्षण गृह में जिला स्तरीय बैठक आयोजित, चाइल्ड हेल्पलाइन, पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच की दी गई जानकारी

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) महिला कल्याण विभाग के समन्वय से अमन संस्था की ओर से ग्लोबल नेटवर्क फॉर चिल्ड्रेन पार्टिसिपेशन (GNCP) के अंतर्गत बाल संप्रेक्षण गृह, रुद्रपुर में जिला स्तरीय हितधारक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की आवाज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना, उनकी समस्याओं को समझना और निर्णय प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने बच्चों को उनके अधिकारों, चाइल्ड हेल्पलाइन, पॉक्सो एक्ट तथा गुड टच-बैड टच के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उपलब्ध योजनाओं और सहायता के माध्यमों के बारे में भी बताया।

बच्चों ने बेझिझक पूछे सवाल

रुद्रपुर में बच्चों ने अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं, अधिकारों के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सीधे संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखा। बच्चों ने बेझिझक अपनी बात कही और अधिकारियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान जाना। अधिकारियों ने बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके सवालों के जवाब देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।इस पहल का उद्देश्य बच्चों को अपनी बात रखने के लिए सुरक्षित एवं सहभागी मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं के समाधान में संबंधित विभागों की भूमिका को मजबूत करना था। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। साथ ही, अधिकारियों को बच्चों की वास्तविक परिस्थितियों और समस्याओं को समझने का अवसर मिला, जिससे उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा सकें।इस अवसर पर अमन संस्था के निदेशक रघु दत्त तिवारी, बाल कल्याण समिति की सदस्य चंद्रकला, समिति के सदस्य उमेश, बाल विकास परियोजना अधिकारी रुद्रपुर ग्रामीण हेमा कांडपाल, वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी कविता बडोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बाल संरक्षण से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे