किसानों के लिए राहत: शुक्रवार से शुरू होगी धान खरीद, आढ़तियों और राइस मिलर्स में बनी सहमति

  • मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, एडीएम पंकज उपाध्याय ने राइस मिलर्स से खरीद अनिवार्य रूप से शुरू करने की अपील की

रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)।  धान खरीद को लेकर चल रहा गतिरोध दूर हो गया है। मंडी, राइस मिलर्स और आरएफसी के बीच आपसी सहमति बनने के बाद शुक्रवार से कच्चे आढ़तियों के माध्यम से धान खरीद शुरू होगी। मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा और खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।मंडी अध्यक्ष ने कहा कि धान खरीद को लेकर संबंधित पक्षों के बीच सहमति बन गई है। अब शुक्रवार से खरीद प्रक्रिया शुरू कर किसानों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों का ध्यान रखा जाएगा और धान खरीद में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

एडीएम ने राइस मिलर्स से की खरीद शुरू करने की अपील

प्रतिनिधि जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने राइस मिलर्स से शुक्रवार से किसानों का धान खरीदना अनिवार्य रूप से शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि धान खरीद के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन की ओर से खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।धान खरीद शुरू होने की घोषणा से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब खरीद प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है और किसानों को एमएसपी का लाभ कितनी सुगमता से मिलता है, इस पर निगाह रहेगी।प्रेस वार्ता के दौरान मंडी की महाप्रबंधक निर्मला बिष्ट, वित्त अधिकारी जुबक मोहन सक्सेना, आरएमओ लता मिश्रा, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यपाल गर्ग सहित किसान नेता, राइस मिलर्स के प्रतिनिधि और विभिन्न मंडियों के सचिव मौजूद रहे।