तहसील दिवस में अफसरों को सख़्त चेतावनी,जनता को राहत:डीएम
रूद्रपुर न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) नये साल के पहले तहसील दिवस में जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित तहसील दिवस में डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं में ढिलाई या टालमटोल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में दर्ज हर शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में हो, जिम्मेदारी तय होगी। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्या जिस स्तर की है, समाधान भी उसी स्तर पर किया जाए, ताकि आम जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नई ऊर्जा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ काम करें, तभी योजनाओं का लाभ सही हाथों तक पहुंचेगा।
जन-जन की सरकार अभियान में अनिवार्य भागीदारी
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेशभर में चल रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सख़्त निर्देश दिए कि शिविरों में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें, लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
10 शिकायतें, 7 का मौके पर समाधान – प्रशासन की तत्परता
तहसील दिवस में आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली और भूमि से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इससे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता साफ़ दिखाई दी।
फर्जी राशन व आयुष्मान कार्ड पर चलेगा अभियान
बीपीएल राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड व सामाजिक योजनाओं को लेकर डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनपद में विशेष अभियान चलाकर अपात्र और बाहरी लोगों के कार्ड निरस्त किए जाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर खुली बैठकों में सत्यापन कर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
पेंशन, आधार संशोधन में तत्काल राहत
बागवाला दानपुर निवासी रीना, बिंद्रा व मनप्रीत के आधार कार्ड मौके पर ही संशोधित कर मोबाइल से लिंक किए गए।
मानसिक रूप से पीड़ित बेटी के लिए दिव्यांग पेंशन के मामले में तुरंत फाइल पूरी कर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण और भूमि विवाद पर 15 दिन की डेडलाइन
सिंचाई नहर पर अतिक्रमण हटाने व भूमि चिन्हांकन के मामलों में उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को 15 दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट देने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 केके अग्रवाल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 आरके सिन्हा, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार,ओ पेयजल निगम सुनील जोशी, जल संस्थान तरूण शर्मा, सिंचाई बीएस डांगी, विद्युत उमाशंकर चतुर्वेदी, तहसीलदार दिनेश कुटोला, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी आदि उपस्थित थे।

