रामपुर कारखाना से विधायक रहते हुए कराए कई विकास कार्य, रुद्रपुर को बनाया कर्मभूमि
कल रविवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
रुद्रपुर न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) उत्तर प्रदेश के रामपुर कारखाना देवरिया के पूर्व भाजपा विधायक कमलेश शुक्ला का निधन हो गया है।वह लंबे समय से बीमार थे।इसकी खबर लगते ही ऊधम सिंह नगर में राजनीतिक दलों सहित विभिन्न संगठन से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्ला फार्म रुद्रपुर निवासी कमलेश शुक्ल का रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।आज अपराह्न करीब दो बजे उनका देहांत हो गया।कमलेश वर्ष, 2017 में भाजपा टिकट से रामपुर कारखाना देवरिया विधानसभा से चुनाव लड़े थे और जीत भी गए थे। उन्होंने क्षेत्र में काफी विकास कार्य कराए।
मूल रूप से देवरिया के भेड़ी शुक्ल गांव के निवासी कमलेश शुक्ला ने रुद्रपुर उत्तराखंड को अपनी कर्मभूमि बना लिया था। एक लंबे सार्वजनिक जीवन के साथ में वह उत्तर प्रदेश राइस मिलर संगठन के कई बार अध्यक्ष रहे। अखिल भारतीय राइस मिलर संगठन के उपाध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संयोजक रहे| कमलेश शुक्ला गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय की कार्य समिति के सदस्य रहते हुए विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति को सुधारने का उल्लेखनीय प्रयास किया था। उनके पीछे एक भरा पूरा परिवार है। शुक्ला तीन भाई और एक बहन थी। शुक्ला के तीन लड़के और एक बेटी हैं।उनके ज्येष्ठ पुत्र देवरिया उत्तरप्रदेश भाजपा के सक्रिय नेता हैं। मझले पुत्र राजीव शुक्ला तथा कनिष्ठ पुत्र अनूप शुक्ला रुद्रपुर उत्तराखंड में है। उनकी एक बेटी है और दामाद बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।उनके निधन से देवरिया तथा रुद्रपुर उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई। अनेक राजनीतिक कार्यकर्ताओं सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।वह भाजपा के एक निष्ठावान कार्यकर्ता थे। पार्टी को मजबूत करने के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे। उनके आवास पर शोक जताने वालों का तांता लगा हुआ है।

