देहरादून न्यूज़।(राजतंत्र टाइम्स) उत्तराखंड में भूमि संबंधी विवादों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के साथ बैठक कर सभी जिलों में लंबित भूमि विवादों के समाधान के लिए व्यापक और सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सभी लंबित भूमि विवादों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद आम नागरिकों की समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं । और इनके कारण कानून-व्यवस्था व सामाजिक सौहार्द पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान संवेदनशील मामलों पर विशेष ध्यान देने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव को इस अभियान की साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा है, ताकि तय समय-सीमा में लक्ष्य हासिल किए जा सकें।
आवश्यकता पड़ने पर तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया जाएगा, जिससे भूमि विवादों का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।

