ऊधम सिंह नगर में नवंबर से जनवरी तक नहीं हुई बारिश, किसान और वैज्ञानिक चिंतित

Share Now

21वीं सदी का सबसे सूखा जाड़ा, रबी फसलों पर संकट

पंतनगर न्यूज।उत्तराखंड समाचार
(Rajtantra Times)
ऊधम सिंह नगर जनपद में इस बार का जाड़े का मौसम 21वीं सदी का अब तक का सबसे सूखा सीजन साबित हुआ है। नवंबर 2025 से लेकर 20 जनवरी 2026 तक जिले में एक बार भी बारिश नहीं हुई, जिससे रबी फसलों के उत्पादन पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। बारिश के अभाव में खेतों में नमी की भारी कमी है और किसानों को बार-बार सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत तेजी से बढ़ रही है।
सामान्यत हर वर्ष नवंबर से जनवरी के बीच तीन से चार बार हल्की व तेज बारिश होती रही है। इससे ठंड बढ़ने के साथ गेहूं, सरसों, चना, मसूर और गन्ने जैसी प्रमुख फसलों को प्राकृतिक लाभ मिलता था। सिंचाई की आवश्यकता कम रहती थी और उत्पादन बेहतर होता था। लेकिन इस वर्ष मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, नवंबर-दिसंबर 2012 में भी बारिश नहीं हुई थी, लेकिन जनवरी 2013 में 18 और 19 तारीख को वर्षा दर्ज की गई थी। इसके उलट इस बार नवंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक लगातार सूखा बना रहा। यह स्थिति पिछले 25 वर्षों में पहली बार देखने को मिली है।
पंत विवि के मौसम विज्ञानी डॉ. अजीत सिंह नैन ने बताया कि नवंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक बारिश न होना 21वीं सदी का असाधारण सूखा जाड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फरवरी माह तक भी बारिश नहीं हुई तो रबी फसलों के उत्पादन में और गिरावट आ सकती है। हालांकि गुरुवार को आंशिक बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश की आस लगाए बैठे किसानों के साथ कृषि वैज्ञानिक भी चिंतित हैं, क्योंकि मौसम में यह असंतुलन न केवल कृषि उत्पादन बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी सीधा असर डाल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *