रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) ऊधम सिंह नगर मे अब हाईवे किनारे कूड़ा फेंकने वालों की खैर नहीं। ऊधम सिंह नगर जिले को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिले के ग्रामीण इलाकों में हाईवे किनारे कूड़ा डाले जाने वाले 30 से 40 स्थानों को चिन्हित कर उन्हें “कैमरा ज़ोन” में तब्दील करने की तैयारी कर ली गई है। इन स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के स्पष्ट और सख्त निर्देशों के बाद जिला प्रशासन स्वच्छता मिशन को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।
प्रशासनिक स्तर पर इस अभियान को और मजबूत करने के लिए जल्द ही जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें स्वच्छता को लेकर ठोस और व्यावहारिक कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रशासन की रणनीति केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है। जागरूकता अभियान भी इस योजना का अहम हिस्सा होगा। स्कूलों सहित विभिन्न सार्वजनिक और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ा पॉइंट्स पर ही डाला जाए, ताकि पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।
मुख्य विकास अधिकारी देवेश शाशनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिले को स्वच्छ बनाने के लिए व्यवस्थित कूड़ा निस्तारण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। चिन्हित कूड़ा पॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर लगातार निगरानी की जाएगी, जिससे गंदगी फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।जिला प्रशासन के इस कदम को स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक अहम पहल माना जा रहा है, जिससे न सिर्फ हाईवे और ग्रामीण क्षेत्र साफ होंगे, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत होगा।

