पंतनगर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में चार दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला एवं उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन 13 मार्च से शुरू होगा। मेले का औपचारिक उद्घाटन 14 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपराह्न 3 बजे करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने कुलपति सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मेले में करीब 350 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें कृषि की नई तकनीक, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और फल-फूल व सब्जियों के पौधों की प्रदर्शनी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेले में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी किसान भाग लेंगे। किसानों के ठहरने की उचित व्यवस्था की जा रही है। मेले के दौरान गांधी हॉल में गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को खेती के वैज्ञानिक तरीके बताए जाएंगे। साथ ही किसानों को विश्वविद्यालय के खेतों में लगी फसलों का भ्रमण कराया जाएगा और वैज्ञानिकों की टीम द्वारा आधुनिक खेती की जानकारी दी जाएगी।
मेले में उन्नत बीजों की बिक्री भी की जाएगी। कुलपति ने बताया कि इस आयोजन में करीब 18 से 20 हजार किसानों के पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी मौजूद रहेंगे, जबकि समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी होंगे।
मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को निःशुल्क स्टॉल दिए जाएंगे, जिनके लिए अभी तक लगभग 60 समूहों की मांग प्राप्त हो चुकी है। इस अवसर पर कृषि निदेशक शिक्षा एवं प्रसार डॉ. जितेंद्र कुमार क्वात्रा सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

