नियमितीकरण की मांग को लेकर महापौर और नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन,मामले में महापौर ने दिया जल्द नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन

Share Now

रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम में लंबे समय से संविदा और दैनिक वेतन पर कार्यरत कर्मचारियों के विनियमितीकरण की मांग को लेकर महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे से मुलाकात कर उन्हें एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शासन द्वारा निर्धारित नियमावली का हवाला देते हुए नगर निगम में तैनात दैनिक वेतन भोगी, कार्यप्रभारित, संविदा, नियत वेतन, अंशकालिक तथा तदर्थ रूप से नियुक्त कार्मिकों को स्थायी किए जाने की गुहार लगाई।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शहरी विकास निदेशालय उत्तराखंड द्वारा बीते 17 फरवरी 2026 को आदेश जारी किए गए थे। इन निर्देशों के तहत चयन समिति के माध्यम से विनियमितीकरण के लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करनी थी। लेकिन शासन के निर्देशों का अनुपालन रुद्रपुर नगर निगम में अब तक नहीं हो पाया है। कई कर्मचारी पिछले दस वर्षों से अधिक समय से संविदा या दैनिक वेतन पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन स्थायीकरण की बाट जोह रहे इन कर्मचारियों का भविष्य अब भी अधर में लटका हुआ है।

ज्ञापन के माध्यम से संघ ने महापौर और नगर आयुक्त से मांग की कि नगर निगम में कार्यरत समस्त संविदा कर्मियों और पर्यावरण मित्रों को प्राथमिकता के आधार पर स्थायी नियुक्ति प्रदान की जाए। इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त ने संघ को शीघ्र उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम में कार्यरत सभी कर्मचारी निगम परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नियमानुसार उनके अधिकारों के संरक्षण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, उपाध्यक्ष सुनील कुमार सहित राजपाल चौधरी, परितोष माझी, मनोज कुमार, नन्हे, रिंकू, किशन पाल, महावीर, राजपाल और भूरा समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *