रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में घरेलू गैस (एलपीजी) की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा इसकी कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसएसपी ने बताया कि जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशानुसार प्रत्येक क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई दल (QRT) का गठन किया गया है। इस टीम में संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी (अध्यक्ष), पुलिस क्षेत्राधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी और नगर निकाय के अधिकारी शामिल हैं। यह टीम नियमित और आकस्मिक रूप से गैस एजेंसियों व गोदामों का निरीक्षण करेगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक गैस गोदाम पर एक पुलिसकर्मी के साथ राजस्व कर्मी/पटवारी की तैनाती सुनिश्चित की गई है। ये कर्मी दो पालियों में ड्यूटी करेंगे। पहली पाली सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि गैस की किल्लत या वितरण को लेकर सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से भ्रामक अफवाहें फैलाकर जनता में डर का माहौल बनाने वाले शरारती तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

