नगर निगम ने पांच मंदिर में चलाया विशेष स्वच्छता अभियान,महापौर ने खुद झाड़ू उठाकर दिया स्वच्छता का संदेश

Share Now

रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) पावन चैत्र नवरात्र के पर्व को स्वच्छ और आध्यात्मिक वातावरण में मनाने के लिए नगर निगम ने शहर के मंदिरों में स्वच्छता का विशेष अभियान शुरू किया है। बुधवार को महापौर विकास शर्मा ने शहर के पांच से अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। धार्मिक जयकारों के बीच महापौर ने नगर निगम की टीम, सामाजिक और धार्मिक कार्यकर्ताओं के साथ खुद झाड़ू उठाकर श्रमदान किया और आम जनमानस को स्वच्छता का संदेश दिया। इस वृहद अभियान के तहत मंदिर परिसर और उसके आसपास सघन सफाई की गई तथा कीटनाशकों व चूने का छिड़काव भी सुनिश्चित किया गया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नवरात्र शक्ति की उपासना का महापर्व है और नगर निगम का संकल्प है कि इस दौरान श्रद्धालुओं को मंदिरों में पूर्णतः स्वच्छ और भक्तिमय वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि नवरात्र पर शहर के प्रमुख मंदिर न केवल स्वच्छता से महकेंगे, बल्कि उन्हें भव्य साज-सज्जा और आकर्षक रोशनी से भी जगमगाया जाएगा। महापौर ने कहा कि इन नौ दिनों में मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। नगर निगम ने मंदिरों की सुंदरता बढ़ाने के लिए विशेष योजना बनाई है, जिसके तहत देवालयों को लाइटों और फूलों की मालाओं से सजाया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने आगे कहा कि पिछले वर्ष नगर निगम ने नवरात्र पर मंदिरों को सजाने की जो अनूठी परंपरा शुरू की थी, उसे इस बार और भी भव्य रूप दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि जब भक्त माता के दर्शन करने आएं, तो उन्हें पूरे शहर में उत्सव और सकारात्मक ऊर्जा का अहसास हो। नवरात्र की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी प्राचीन सनातनी संस्कृति और गौरवशाली सभ्यता का अटूट हिस्सा है। शक्ति की आराधना का यह अनुष्ठान हमें अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर अच्छाई और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। नगर निगम प्रशासन अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रहा है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और स्वच्छता बनी रहे।

इस अवसर पर मुख्य बाजार के पार्षद चिराग कालड़ा, सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष महेश बब्बर, राजन राठौर, मोहन तिवारी, राजू नबियाल, अमित अरोरा, बॉबी, विजय तोमर, राकेश अरोरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *