- सोशल मीडिया पर फर्जी सरकारी अवकाश आदेश प्रसारित कर आम जनता में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई, शासन ने जारी किए निर्देश
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स )। सोशल मीडिया पर सरकारी अवकाश को लेकर फर्जी आदेश और सूचनाएं प्रसारित करने का सिलसिला लगातार सामने आ रहा है। इसी क्रम में भाई दूज के अवसर पर 11 नवंबर 2026 को अवकाश घोषित किए जाने की फर्जी सूचना वायरल होने के बाद शासन ने सख्त रुख अपनाया है।

लंबे समय से सोशल मीडिया पर फर्जी अवकाश आदेश वायरल होने के कारण आम जनमानस में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी। इससे सरकारी कार्यालयों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के बीच असमंजस की स्थिति बन रही थी। कई लोग ऐसी भ्रामक सूचनाओं को सही मानकर अपनी दिनचर्या और जरूरी कार्यों की योजना बनाने लगते हैं।

शासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, फर्जी सरकारी आदेश तैयार करने और उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कर भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।शासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी आदेशों के नाम पर फर्जी सूचनाएं प्रसारित करना गंभीर मामला है। आम नागरिकों से भी अपील है कि किसी भी अवकाश संबंधी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी पुष्टि संबंधित विभाग या शासन की आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य करें।
फर्जी खबरों और भ्रामक आदेशों से बचें, आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।






