पिथौरागढ़।(राजतंत्र टाइम्स)जनपद पिथौरागढ़ के जाखनी क्षेत्र में आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा क्रॉप कटिंग कार्यक्रम के अंतर्गत रबी की मुख्य फसल गेहूं की कटाई का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं खेत में पहुंचे और गेहूं की फसल कटाई की तथा कटाई की पूरी प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसल उत्पादन का सटीक आकलन किया जाता है, जो किसानों को मुआवजा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जाए, जिससे वास्तविक उत्पादन का सही आंकलन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के सभी चयनित स्थलों पर क्रॉप कटिंग कार्य गंभीरता और सटीकता के साथ किया जाए। साथ ही किसानों को जागरूक कर इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

