रुद्रपुर में प्रेरणादायी संवाद, डीएम ने बताए सफलता के राज

Share Now

 

  • मेधावियों के सवालों पर डीएम के सटीक जवाब, बढ़ा आत्मविश्वास
  • NEET से करियर तक, डीएम ने छात्रों को दी सही दिशा

 

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स):उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के मेधावी विद्यार्थियों के साथ आज एक प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अपने छात्र जीवन से लेकर सिविल सेवा तक के संघर्षपूर्ण और प्रेरक सफर को साझा करते हुए विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना करते हुए उन्हें भी शुभकामनाएं दीं।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर अपने सवाल रखे। “लक्ष्य निर्धारण कैसे करें?”, “नीट की तैयारी किस प्रकार करें?”, “रुचि कला वर्ग में है, लेकिन अच्छे अंक आने के कारण विज्ञान लेने का दबाव है—क्या करें?” जैसे ज्वलंत प्रश्नों पर जिलाधिकारी ने सहज, व्यावहारिक और प्रेरक उत्तर दिए। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में वही क्षेत्र चुनना चाहिए जिसमें वास्तविक रुचि हो, क्योंकि उसी में निरंतरता और उत्कृष्टता संभव है। उनके उत्तरों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मजबूत किया और उनके मनोबल को नई दिशा दी।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने खेल, संगीत, नृत्य, गायन या अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि पढ़ाई का दबाव कम हो और व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि सफलता केवल मेहनत से ही नहीं, बल्कि सही दिशा और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन से मिलती है। विद्यार्थियों को अच्छे शैक्षणिक संस्थानों का चयन करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर माहौल और प्रतिस्पर्धी वातावरण से सीखने की क्षमता और भी विकसित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विषयों का पाठ्यक्रम मूलतः समान स्तर का होता है और हर क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि सबसे पहले परीक्षा के सिलेबस को गहराई से समझें, फिर एक ठोस योजना बनाएं, और उसी के अनुसार निरंतर अभ्यास करें। अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं, तो सफलता निश्चित है।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी मेधावी विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी पुस्तकें, बैग एवं मिष्ठान वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न केवल मार्गदर्शक साबित हुआ, बल्कि उनके भविष्य के प्रति नई ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण भी प्रदान करने वाला रहा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अनेक विद्यार्थी, उनके शिक्षक व अभिभावकगण मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *