मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर जिलाधिकारी ने बढाया उत्साह, हर संभव सहयोग का दिया भरोसा।
मेहनत और मार्गदर्शन से ही बनता है सफलता का रास्ता – प्रशासन हर कदम पर साथ ।
रूद्रपुर । (राजतंत्र टाइम्स)उधम सिंह नगर कें जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जिला सभागार में रामकुमारी अग्रवाल इंटर कॉलेज खटीमा, की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 21वां स्थान प्राप्त करने वाली काशिश पांडे व हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में 14वां स्थान हासिल करने वाले देवेश सिंह को सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने मेधावी विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनके अनुभवों, पढ़ाई की रणनीति तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन मेधावी छात्रों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने देगा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए समुचित सहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर उन्हें आगे की शिक्षा के लिए मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देशित भी किया।
जिलाधिकारी ने किसान इंटर कॉलेज कुन्डेशवरी काशीपुर के कक्षा 12 में अध्ययनरत मेधावी छात्र मो0 सक़लैन की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनकी पढ़ाई हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा उन्हें एक लैपटॉप उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिससे वे अपनी पढ़ाई को और बेहतर तरीके से जारी रख सकें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डे , रामकुमारी अग्रवाल इंटर कॉलेज खटीमा के प्रधानाचार्य भगत सिंह बोरा, किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. किरण सिंह व मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।

