श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की सेवा में दिन-रात जुटा प्रशासन

Share Now

श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की सेवा में दिन-रात जुटा प्रशासन

यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी मुस्तैदी से कार्यरत

रुद्रप्रयाग।(राजतंत्र टाइम्स) श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 सुचारु रूप से संचालित हो रही है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं तथा उच्च हिमालयी दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें दिन-रात यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में निरंतर जुटी हुई हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं।

यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तैनात प्रशासनिक एवं सुरक्षा टीमें यात्रियों की सहायता हेतु तत्पर हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, आवास, यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन सहायता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

राहत एवं बचाव टीमें कठिन परिस्थितियों में भी सक्रिय रहकर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को अस्पताल, हेलीपैड अथवा सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही हैं। कई अवसरों पर ये टीमें देवदूत बनकर यात्रियों की सहायता करती नजर आ रही हैं, जिससे प्रशासन के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत हो रहा है।

SDRF टीम की सराहनीय कार्यवाही: गुमशुदा बैग व मोबाइल लौटाया

इसी क्रम में SDRF पोस्ट लिनचोली द्वारा ईमानदारी एवं तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

दिनांक 01 मई 2026 को श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर आए यात्री सचिन पुत्र हरिपाल, निवासी सदर, नई दिल्ली का बैग लिनचोली-केदारनाथ पैदल मार्ग में कहीं गिर गया था, जिसमें उनका मोबाइल भी रखा हुआ था।

SDRF पोस्ट लिनचोली पर तैनात कांस्टेबल आशीष बिष्ट एवं कांस्टेबल अजय विश्वकर्मा द्वारा गश्त के दौरान उक्त बैग व मोबाइल लावारिस अवस्था में बरामद किया गया। टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए मोबाइल के माध्यम से यात्री से संपर्क स्थापित किया गया तथा पूर्ण सत्यापन के उपरांत उनका समस्त सामान सुरक्षित रूप से उन्हें वापस सौंप दिया गया।

अपना खोया हुआ सामान सकुशल वापस पाकर यात्री सचिन ने SDRF टीम तथा जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की।

जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा अपील की गई है कि सभी श्रद्धालु यात्रा के दौरान सावधानी बरतें, अपने सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की सहायता हेतु निकटतम पुलिस, प्रशासन या आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *