रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। स्क्वे एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में युवा भवन, युवा कल्याण विभाग के ऑडिटोरियम में तृतीय राज्य स्तरीय स्क्वे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से लगभग 210 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक जीतकर उधम सिंह नगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पौड़ी जनपद दूसरे और पिथौरागढ़ तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों ने अपने जिले, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालयों का नाम रोशन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नारायण हॉस्पिटल के एमडी डॉ. प्रदीप अदलखा एवं डॉ. सोनिया अदलखा ने किया। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी अजय तिवारी, ग्राम प्रधान शिमला जगजीत गंभीर और स्क्वे संगठन उत्तराखंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान मौजूद रहे। अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका जितेंद्र कुमार मौर्य, प्रसून वर्मा, मोना कश्यप, शानू कश्यप और विशाल शर्मा ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों मनीत सिंह, कुबेर भारती, दीपा सनवाल, निशा रामपाल, राजवीर सिंह, नीरज यादव, दिनेश परिहार, कविता परिहार, हितेश सिंह, तुषार पंवार, आरती पुजारी और आरिफा हसन खान ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था के सचिव मोहम्मद हसन खान ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी जनवरी माह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के साथ उधम सिंह नगर ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
