श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन की लगातार निगरानी
रुद्रप्रयाग । (राजतंत्र टाइम्स) श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर यात्रा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का औचक स्थलीय जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा यात्रा संचालन पूरी तरह व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बाबा केदार के दर्शन हेतु संचालित टोकन एवं कतार व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं से भी संवाद स्थापित कर उनके सुझाव लिए तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जाएं तथा भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए। उन्होंने धाम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं कूड़ा निस्तारण व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
उन्होंने वर्षा, बर्फबारी एवं मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए फिसलन वाले स्थानों की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा संबंधितों को ऐसे स्थलों पर नियमित सफाई के निर्देश दिए ताकि यात्रियों की आवाजाही सुगम बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं, पुलिस बल की कार्यप्रणाली एवं भीड़ प्रबंधन का निरीक्षण करते हुए सभी को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, विद्युत आपूर्ति, आवास, भोजन एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी ली गई तथा संबंधित विभागों को सभी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में कि जिला प्रशासन द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध हैं।


