दवा खाने से छूटे बच्चों को 14 मई को माॅप-अप डे पर खिलाई जाएगी दवा
प्राथमिक विद्यालय काला पहाड़ से किया शुभारंभ, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील
रुद्रप्रयाग। जनपद में 1620 सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, महाविद्यालय व तकनीक शिक्षण संस्थाओं में 01 से 19 आयु के लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजौल की दवा खिलवाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का सफल आयोजन किया गया। किसी कारण दवा खाने से छूट गए बच्चों को 14 मई को होने वाले माॅप-अप डे पर दवा खिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश के निर्देशन में प्राथमिक विद्यालय काला पहाड़ में छात्रों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजौल खिलवाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य निर्मला मैंदोली ने कहा कि बच्चों के विकास के लिए जरूरी है कि वे स्वस्थ रहें। कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम के संचालन से बच्चों में कृमि की समस्या से मुक्ति मिल रही है, जो उनके शारीरिक व बौद्धिक विकास में सहायक साबित हो रहा है।
कार्यक्रम समन्वयक/काउंसलर विपिन सेमवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों कोे 01 से 19 वर्ष तक के लक्षित शत प्रतिशत बच्चों को एल्बेंडाजौल दवा खिलवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित अभियान के अंतर्गत जनपद के 1620 सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावा तकनीक व उच्च शिक्षण संस्थाओं में लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजौल की दवा खिलाई गई। बताया गया कि किसी कारण आज दवा खाने से छूटें बच्चों को अभियान के तहत आगामी 14 मई को होने वाले माॅप-अप डे पर कृमि नाशक दवा खिलवाई जाएगी। इस अवसर पर बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया व विद्यालय को हैंडवास सामग्री भी वितरित की गई। इस अवसर पर जिला समन्वयक आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी, सोशल वर्कर एनटीसीपी दिगपाल कंडारी मौजूद रहे।


