जनहित और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में निभायी महत्वपूर्ण भूमिका: जिलाधिकारी

Share Now
  • पौड़ी का कार्यकाल सदैव रहेगा यादगार, समन्वय और सरलता से ही मिलती है सफलता: मुख्य विकास अधिकारी
  • मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत को विदाई, अधिकारियों ने सराहा सरल व्यक्तित्व एवं समाधानोन्मुख कार्यशैली

 

पौड़ी गढ़वाल (राजतंत्र टाइम्स) जनपद के मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत का संभागीय खाद्य नियंत्रक गढ़वाल परिक्षेत्र के महत्वपूर्ण पद पर स्थानांतरण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन में एक गरिमापूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के समस्त अधिकारियों ने उनके सरल व्यवहार और कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्हें ससम्मान विदाई दी।

समारोह के दौरान सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी का भव्य अभिनंदन किया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मुख्य विकास अधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके साथ कार्य करने का अनुभव अत्यंत सकारात्मक, प्रेरणादायी एवं सीख देने वाला रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों को केवल योजनाओं तक सीमित न रखकर उन्हें धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का कार्य किया। सर्वाधिक विकासखंडों वाले जनपद में लगातार दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर उन्होंने वहां की वास्तविक समस्याओं को नजदीक से समझा तथा उनके समाधान के लिए संवेदनशील एवं समाधानोन्मुख कार्यशैली अपनाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी ने सदैव टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आगे बढ़कर मार्गदर्शन दिया और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक कार्य वातावरण बना, जिससे विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ और जनहित से जुड़े कार्यों में गति आई।

उन्होंने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी की कार्यशैली, सरल व्यवहार एवं जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण सदैव स्मरणीय रहेगा। जिलाधिकारी ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी अपनी कार्यक्षमता एवं अनुभव से नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि उनका सबसे बेहतर एवं यादगार कार्यकाल पौड़ी जनपद में रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक सेवा का एक सामान्य नियम है, लेकिन पौड़ी में बिताया गया समय, यहां के लोगों का स्नेह और कार्य करने का अनुभव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास विभाग में कार्य करने का अनुभव प्रशासनिक जीवन में हमेशा उपयोगी सिद्ध होता है, क्योंकि इससे जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलता है।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका तनावमुक्त रहकर कार्य करना एक विशेष गुण है। वे प्रत्येक समस्या का समाधान युक्तिपूर्ण एवं सकारात्मक तरीके से करती हैं, जिससे टीम को भी बेहतर ढंग से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में समस्याओं से घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से उनका समाधान करना ही सफलता की कुंजी है।

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में सरलता, सहजता एवं व्यवहार कुशलता ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। साथ ही पौड़ी की जलवायु को स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि व्यस्त कार्यशैली के बीच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति भी संवेदनशील रहना चाहिए तथा स्वयं के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वर्तमान में संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू किया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की चर्चा करते हुए कहा कि एक सहज व्यक्तित्व के धनी होने के कारण उन्होंने हमेशा आम जनमानस और अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता दी। सभी सहयोगियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

​मुख्य विकास अधिकारी के सम्मान में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, बीडीओ थलीसैंण टीकाराम पुरोहित तथा दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को एक सत्यनिष्ठ अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पारदर्शी नेतृत्व में जिले को नयी दिशा मिली। साथ ही, उनके परिश्रमी स्वभाव के कारण ही विकास योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारा जा सका।

​कार्यक्रम का सफल संचालन स्वजल परियोजना प्रबंधक दीपक रावत द्वारा किया गया। विदाई समारोह के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी का आभार व्यक्त किया और टीम भावना के साथ काम करने के अपने अनुभवों को साझा करते हुए भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ जनहित के कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जनपद के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *