“नो व्हीकल डे” पर डीएम पैदल चलकर पहुंचे कलेक्ट्रेट, रोडवेज बस स्टेशन का किया औचक निरीक्षण

पिगढ़थौरा । (राजतंत्र टाइम्स)ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली एवं यातायात व्यवस्था के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “नो व्हीकल डे” के अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई आज अपने कैंप कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल चलकर पहुंचे। इस पहल के माध्यम से उन्होंने आमजन को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत एवं पैदल चलने के महत्व का प्रेरणादायक संदेश दिया।

“नो व्हीकल डे” पर डीएम पैदल चलकर पहुंचे कलेक्ट्रेट, रोडवेज बस स्टेशन का किया औचक निरीक्षण

पैदल यात्रा के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग में पड़ने वाले रोडवेज बस स्टेशन का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, टिकट काउंटर एवं बस संचालन व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची तथा अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, सूचना पट्टों एवं प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रियों से संवाद स्थापित कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। कुछ यात्रियों द्वारा बसों के समयबद्ध संचालन एवं परिसर की साफ-सफाई को लेकर सुझाव दिए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “नो व्हीकल डे” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ समाज की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।