“नियम तोड़े तो नहीं बख्शे जाएंगे: नैनीताल में 150 होमस्टे रद्द, 55 पर ठोका जुर्माना”

Share Now
  • नैनीताल में होमस्टे नियमावली के उल्लंघन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई। 150 होमस्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त, 55 इकाइयों पर ₹10 हजार का जुर्माना लगाया गया।

नैनीताल/हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में होमस्टे नियमावली के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 होमस्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त कर दिया है। वहीं 55 इकाइयों पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के तहत की गई।परगना अधिकारियों और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए निरीक्षण के दौरान कई होमस्टे इकाइयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि अनेक होमस्टे संचालक स्वयं इकाइयों में निवास नहीं कर रहे थे। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था के अभाव में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग कराई जा रही थी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

निरीक्षण के दौरान कुछ होमस्टे इकाइयों में रिसेप्शन स्टाफ नियुक्त कर उन्हें होटल और रेस्टोरेंट की तरह संचालित किए जाने का मामला भी सामने आया। वहीं कई इकाइयों को लीज पर देकर पूरी तरह व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा रहा था, जो निर्धारित होमस्टे नियमों के विपरीत है।

जिला प्रशासन के अनुसार कार्रवाई के तहत तहसील धारी में 19, रामनगर में 20, नैनीताल में 94, कालाढूंगी में 5, हल्द्वानी में 5 तथा कैंची धाम क्षेत्र में 7 होमस्टे इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया है कि नोटिस अवधि में चल रही अन्य होमस्टे इकाइयों की भी निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को होमस्टे व्यवस्था की मूल अवधारणा को बनाए रखने तथा पर्यटन गतिविधियों में पारदर्शिता और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *