रानीबाग गुलाब घाटी के जाम से मिलेगी राहत, अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य शुरू: संसद अजय भट्ट

Share Now

हल्द्वानी(राजतंत्र टाइम्स)। रानीबाग गुलाब घाटी क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि गौला पुल काठगोदाम के हनुमानगढ़ी से अमृतपुर तक प्रस्तावित बायपास सड़क के निर्माण की दिशा में कार्य धरातल पर शुरू हो गया है। इसके तहत सड़क कटान का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

सांसद अजय भट्ट ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी बायपास परियोजना की कुल लागत 18 करोड़ 23 लाख रुपये है। परियोजना के अंतर्गत सड़क कटिंग कार्य पर 6 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कार्य दो चरणों में लगभग नौ माह के भीतर पूरा किया जाना प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि बायपास परियोजना के दूसरे चरण में 11 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से गौला नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। पुल और सड़क के निर्माण के बाद रानीबाग गुलाब घाटी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी ।

सांसद ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ विकास को भी नई गति प्रदान करेगी। बायपास बनने से काठगोदाम, रानीबाग और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *