मोबाइल वैन से भी बिक्री, महंगाई पर लगाम के लिए रोजाना बाजार मॉनिटरिंग के निर्देश
रुद्रपुर न्यूज़। (राजतंत्र टाइम्स) उत्तराखण्ड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने विपणन बोर्ड के अधिकारियों एवं मंडी सचिवों के साथ मंडी निदेशालय में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत आम जनता को फल, सब्जी एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने तथा महंगाई से राहत देने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक मंडी समिति में 5-5 बड़े रिटेलर काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर फल, सब्जी और दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अध्यक्ष ने सभी मंडी सचिवों को निर्देशित किया कि 3 सदस्यीय सचल दल का गठन कर प्रतिदिन बाजार का निरीक्षण किया जाए। यह दल रोजाना फल एवं सब्जियों के खुदरा मूल्य का आंकलन कर उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेगा।
इसके साथ ही क्षेत्र के प्रत्येक खुदरा व्यापारी को लाइसेंस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को कहीं भी महंगाई का सामना न करना पड़े। मोबाइल वैन के माध्यम से भी सस्ती दरों पर सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के जनहितकारी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दौरान यदि कोई व्यापारी अधिक कीमत वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सचिव हेमंत वर्मा, निर्मला बिष्ट, वित्त नियंत्रक जुबक मोहन सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी मंडी सचिव वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

