- घोड़ाखाल एनसीसी शिविर: कैडेटों को ड्रोन तकनीक और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
घोड़ाखाल/नैनीताल। (राजतंत्र टाइम्स)। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में चल रहे 79 यूके बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन विभिन्न प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविर की गतिविधियां कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता के कुशल निर्देशन में संपन्न हुईं।

दैनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कैडेटों को ड्रिल एवं फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही एसडीआरएफ की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन कर कैडेटों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं राहत-बचाव तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त कैडेटों को आधुनिक युग में ड्रोन तकनीक के बढ़ते महत्व के बारे में जानकारी दी गई। पीआई स्टाफ द्वारा ड्रोन के विभिन्न उपयोगों, विशेषताओं तथा संचालन की मूलभूत विधियों से कैडेटों को अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को ड्रोन उड़ाने की प्रारंभिक तकनीकों का भी व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया।

शिविर के विशेष सत्र में सुश्री मेघा जोशी, काउंसलर सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ने “जेंडर सेंसिटाइजेशन” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कैडेटों को लैंगिक समानता, पारस्परिक सम्मान, संवेदनशीलता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व से अवगत कराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एक विकसित एवं समतामूलक समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कैडेटों से समाज में सकारात्मक सोच एवं सम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे तथा अपने विचार साझा किए। शिविर के माध्यम से कैडेटों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा सामाजिक जागरूकता को सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता, एडम अफसर लेफ्टिनेंट बी.आर. खंडका, सूबेदार मेजर चंचल सिंह, सूबेदार प्रदीप रोका सहित पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।



